जामताड़ा/ Manish Baranwal पृथ्वी दिवस के अवसर पर डीएन हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान केजी से लेकर दसवीं कक्षा तक के छात्र- छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

प्रार्थना सभा के दौरान छोटे बच्चों ने वनों की रक्षा पर आधारित एकांकी प्रस्तुत की, जिसे सभी ने खूब सराहा. इसके बाद करीब डेढ़ सौ विद्यार्थियों ने पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपने विचारों को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया.
प्रतियोगिता में कक्षा सात के निलेश कुमार यादव को प्रथम, कक्षा पांच की किरण कुमारी को द्वितीय और कक्षा सात की लक्ष्मी कुमारी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ. वहीं कक्षा नौ और दस के छात्रों ने आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया, जिसमें कक्षा नौ का मॉडल प्रथम स्थान पर रहा.

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी हमारे अस्तित्व का आधार है और इसकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण के लिए कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य गंभीर संकट में पड़ सकता है.
इस अवसर पर जामताड़ा हॉकी के सचिव भास्कर चांद, कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष सूरज पासवान सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे. कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पृथ्वी को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संकल्प लिया.

