जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में हाल ही में सामने आए दो अलग- अलग मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. नाबालिग किशोरी के यौन शोषण के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि लापता दो नाबालिग बच्चियों का लोकेशन भी पुलिस को मिल गया है.

मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने के मामले की जांच में यह प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है. पुलिस को दोनों बच्चियों का लोकेशन मिल चुका है और जल्द ही उन्हें सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.
वहीं दूसरी घटना में नाबालिग किशोरी के साथ यौन शोषण के आरोपी युवक को जामताड़ा थाना क्षेत्र के झगड़ागोड़ा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया है. प्रारंभिक जांच में आरोपी भी नाबालिग प्रतीत हो रहा है, इसलिए उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है.
थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि नाबालिगों के खिलाफ अपराध करने वालों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. गौरतलब है कि दोनों ही मामलों को इंडिया न्यूज़ वायरल ने प्रमुखता से प्रकाशित किया जिसके बाद पुलिस रेस हुई और यह गिरफ़्तारी हुई है.

