गम्हरिया: थाना क्षेत्र के गंजिया बराज में नहाने के दौरान एक छात्र की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत धतकीडीह निवासी अताउल्लाह के 17 वर्षीय पुत्र फहद रहमान के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार फहद अपने चार दोस्तों के साथ गंजिया बराज नहाने पहुंचा था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया गया. घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है.
बताया जा रहा है कि फहद और उसके दोस्त घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन स्कूल नहीं जाकर सभी बराज में नहाने पहुंच गए. मृतक बारहवीं कक्षा का छात्र था और आंध्र एसोसिएशन कदमा में पढ़ाई करता था. उसके साथ मौजूद अन्य युवकों में कामरान, आसिफ, हमदान और असद शामिल थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
गौरतलब है कि इससे पहले भी आदित्यपुर कॉलोनी के दो छात्र आसंगी में खरकाई नदी में डूब गए थे. दोनों भी घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकले थे. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है.

