रांची: झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य में बड़े प्रशासनिक बदलाव करते हुए 42 आईपीएस अधिकारियों का तबादला- पोस्टिंग किया है. इस फेरबदल से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और कई अहम पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

जारी अधिसूचना के अनुसार, आईपीस मनोज कौशिक को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. पंकज कम्बोज को मानवाधिकार का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया है. नरेन्द्र कुमार सिंह को निगरानी- सह- सुरक्षा से स्थानांतरित कर पुलिस महानिरीक्षक, अभियान बनाया गया है, साथ ही उन्हें पलामू का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. शैलेन्द्र कुमार सिन्हा को पलामू से बोकारो का आईजी बनाया गया है. क्रांति कुमार गेड़िदेशी को मानवाधिकार से झारखंड विद्युत बोर्ड में निगरानी-सह-सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है.
माईकल राज एस को अभियान से रेल आईजी बनाया गया है, जबकि सुनील भाष्कर को बोकारो से झारखंड सशस्त्र पुलिस का आईजी बनाया गया है. आनन्द प्रकाश को बोकारो से पुलिस मुख्यालय में योगदान करने का निर्देश दिया गया है. प्रशांत आनन्द को पुलिस अधीक्षक, संचार एवं तकनीकी सेवा, रांची बनाया गया है. निधि द्विवेदी को पाकुड़ से स्थानांतरित करते हुए सरायकेला- खरसावां का एसपी बनाया गया है. आशुतोष शेखर को जेएपीटीसी पदमा से गढ़वा भेजा गया है.
इसी तरह सौरव को देवघर से विशेष शाखा (एसआईबी) रांची, अनुदीप सिंह को कोडरमा से पाकुड़, प्रवीण पुष्कर को रांची ग्रामीण से देवघर और सरायकेला- खरसावां एसपी मुकेश कुमार लुणायत को रामगढ़ भेजा गया है. जबकि रामगढ़ एसपी अजय कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में तैनात किया गया है.
आईपीएस नाथू सिंह मीणा को विशेष शाखा से बोकारो एसपी बनाया गया है, सुमित कुमार अग्रवाल को चतरा एसपी से एसीबी भेजा गया है जबकि, अनिमेष नैथानी को एसीबी से चतरा भेजा गया है. अमन कुमार को गढ़वा से स्थानांतरित करते हुए हजारीबाग का एसपी बनाया गया है. जमशेदपुर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष को कोडरमा, कपिल चौधारी को धनबाद ग्रामीण से पलामू एसपी बनाया गया है. खूंटी एसपी मनीष टोप्पो को एससीआरबी रांची भेजा गया है. जमशेदपुर ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग उनकी जगह खूंटी के अगले एसपी होंगे.
इसी तरह दीपक कुमार पाण्डेय को विशेष शाखा से एआईजी-सह-डीजी के विशेष सहायक, दीपक कुमार शर्मा को एससीआरबी से अभियान (पुलिस मुख्यालय) में पदस्थापित किया गया है. अंजनी अंजन को हजारीबाग से जैप-05 देवघर का समादेष्टा बनाया गया है. रीष्मा रमेशन को पलामू से जैप-09 साहेबगंज, कुसुम पुनिया को जैप-09 से जैप-08 लेस्लीगंज, शम्भू कुमार सिंह को जैप-04 बोकारो से जामताड़ा का एसपी बनाया गया है. मूमल राजपुरोहित को जैप-08 से रेल धनबाद, दीपक कुमार को जैप-05 से आईआरबी-01 जामताड़ा भेजा गया है. राजकुमार मेहता को जामताड़ा से एटीएस, ऋषभ कुमार झा को एटीएस से जैप-04 बोकारो, एस. मोहम्मद याकूब को हुसैनाबाद से धनबाद ग्रामीण, गौरव गोस्वामी को पतरातु से रांची ग्रामीण भेजा गया है. शुभम खंडेलवाल को सिमरिया से जमशेदपुर ग्रामीण, ललित मीणा को चैनपुर से जमशेदपुर नगर का एसपी बनाया गया है. नागरगोजे शुभम भाउसाहेब को सिमरिया का एसडीपीओ बनाया गया है. निखिल राय को एसीबी से कोतवाली रांची, ऋषभ त्रिवेदी को एसीबी से जमशेदपुर मुख्यालय-01 और श्रुति को एसीबी से चैनपुर का एसडीपीओ बनाया गया है.
इस बड़े फेरबदल में कई जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं, जिससे कानून- व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में सरकार की मंशा साफ नजर आ रही है.

