सरायकेला/ Pramod Singh आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में लगातार बढ़ते अतिक्रमण ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. वार्ड संख्या-17 की पार्षद नीतू शर्मा ने इस गंभीर समस्या को लेकर जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है.

पार्षद द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, भाटिया बस्ती, आरआईटी मोड़ से लेकर खरकाई ब्रिज के पहले एमपी टॉवर तक ब्रांच रोड और मेन रोड पर वाहनों के जरिए भारी अतिक्रमण हो चुका है. सड़कों के किनारे और बीचों- बीच खड़े दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के कारण रोजाना लंबा जाम लग रहा है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आशियाना मोड़, शेर-ए-पंजाब फुटबॉल मैदान के पास, इमली चौक, पान दुकान के आसपास और एमपी टावर, ब्लॉक जैसे प्रमुख स्थानों पर बड़े मॉल और दुकानों के कारण स्थिति और भी विकट हो गई है. यहां दुकानदार और ग्राहक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर खरीदारी करते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो जाती है.
पार्षद नीतू शर्मा ने अपने पत्र में स्पष्ट कहा है कि इस अतिक्रमण के कारण न केवल यातायात व्यवस्था चरमरा गई है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के लिए भी रास्ता बाधित हो रहा है, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है. उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके. अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और आदित्यपुर की सड़कों को जाम और अतिक्रमण से कब तक मुक्ति मिलती है.

