बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट के आवासीय क्वार्टरों की जर्जर स्थिति एक बार फिर सामने आई है. शुक्रवार को सेक्टर 12-E में तीन मंजिला आवासीय ब्लॉक अचानक भरभराकर गिर गया. क्वार्टर संख्या 1290 से 1296 तक के ब्लॉक के छह आवास धराशायी हो गए. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.


आवास गिरने के बाद ऊपरी मंजिल पर मौजूद कुछ लोग फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित नीचे उतारा गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में BSL प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश फैल गया. मौके पर पहुंचे नगर सेवा विभाग के एक अधिकारी को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ब्लॉक की स्थिति जर्जर होने के बावजूद इसे असुरक्षित घोषित कर यहां रहने वाले लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट नहीं किया गया. लोगों के अनुसार वर्ष 2024 में BSL की ओर से इसकी मरम्मत भी कराई गई थी. ऐसे में दो साल के भीतर ब्लॉक का हिस्सा धराशायी होने से मरम्मत की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं.
बताया जा रहा है कि सेक्टर 12 के साथ सेक्टर 8 में भी कई BSL क्वार्टर जर्जर स्थिति में हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी क्वार्टरों से जुड़े हादसे हो चुके हैं. अब छह आवासों के एक साथ धराशायी होने के बाद जर्जर क्वार्टरों की पहचान, सुरक्षा जांच और वहां रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

