जामताड़ा/ Manish Baranwal नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान की शुरुआत वार्ड संख्या 7 महुलडंगाल से की गई. इस अभियान का नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खनडेत एवं समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया.

अभियान के तहत अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की नालियों का निरीक्षण किया और सफाई कार्य का जायजा लिया. मोहल्ले की सभी नालियों की सफाई कराई गई, जमा कचरे को हटाया गया तथा कई स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया. कर्मचारियों को साफ- सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.

नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने बताया कि महीने में तीन बार नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि जिस दिन जिस वार्ड की बारी होगी, उस दिन सभी पदाधिकारी, कर्मचारी एवं सफाईकर्मी उसी वार्ड में मौजूद रहकर जमीनी स्तर पर काम करेंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोगों के घरों के बाहर कचरा नहीं दिखना चाहिए और बरसात से पहले सभी नालियों को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा, ताकि जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके.
कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खनडेत ने जानकारी दी कि नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में वार्ड स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाने का प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसके तहत इस पहल की शुरुआत की गई है. उन्होंने कहा कि जहां झाड़ू लगाने की जरूरत है वहां झाड़ू लगाई जा रही है और जहां कचरे का ढेर है उसे हटाया जा रहा है.
समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि पोईला बोईशाख के शुभ अवसर पर इस अभियान की शुरुआत एक सकारात्मक पहल है. उन्होंने बताया कि बरसात को ध्यान में रखते हुए नालियों की विशेष सफाई पर जोर दिया जा रहा है, ताकि गंदगी और जलजमाव से लोगों को राहत मिल सके.
नगर पंचायत की इस पहल से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था और अधिक बेहतर होगी.

