राजनगर/ Rasbihari Mandal प्रखंड के छोटा खीरी स्थित सनराइज इंग्लिश स्कूल में भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई. कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग- बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय नजर आया. कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई.

इसके बाद छात्रों के बीच भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और भारतीय संविधान निर्माण में उनके योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए. बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी को प्रभावित किया.
विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस अवसर पर बच्चों को संविधान के महत्व, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन समाज में समानता, शिक्षा और न्याय का संदेश देता है.
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र- छात्राओं को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. बच्चों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया. अंत में विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें महान व्यक्तित्वों के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देते हैं.

