जामताड़ा/ Manish Baranwal दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ. इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए. कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाना, नेतृत्व क्षमता विकसित करना और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को बढ़ाना है.

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया. भाजपा नेता तरुण गुप्ता ने ‘अंत्योदय से संतृप्ति’ विषय पर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है. प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीबों को घर उपलब्ध कराए गए हैं. वहीं DBT के जरिए बड़ी राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंचाई गई है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है.
जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल ने ‘बूथ प्रबंधन और मन की बात’ विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि बूथ समिति संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई होती है, जो पार्टी की मजबूती की नींव है.
वहीं भाजपा नेता सुनील हांसदा ने मतदाता सूची सुधार अभियान (SIR) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा रहा है. जिला उपाध्यक्ष सुजाता सिंह ने ‘एकात्म मानव दर्शन’ और भाजपा की पंचनिष्ठा के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला. वहीं चंदन राउत ने सोशल मीडिया, नमो ऐप और सरल ऐप के उपयोग की जानकारी देते हुए डिजिटल माध्यमों की भूमिका पर जोर दिया.
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता सुरेश राय ने पार्टी के इतिहास और विकास यात्रा पर चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है. इस प्रशिक्षण महाअभियान में नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, राजेंद्र राउत, कुणाल सिंह, पिंटू गुप्ता, प्रवीण मिश्रा, लखिन्द्र सिंह, रथु दास, ज्योति देवी, अनीता गुप्ता, ब्रजेश राउत, अमित बाउरी, मिथुन गुप्ता, मिथलेश बर्मन, स्वपन घोष, राकेश रवानी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

