जमशेदपुर: मारवाड़ी युवा मंच की आम सभा हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. इस दौरान सर्वसम्मति से युवा प्रकाश बजाज को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया. वहीं युवा हेमंत अग्रवाल गुप्ता को महासचिव और युवा अनूप शर्मा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई.

सभा की शुरुआत निवर्तमान अध्यक्ष युवा विकास शर्मा द्वारा स्वागत भाषण के साथ हुई. उन्होंने अपने कार्यकाल में मंच द्वारा किए गए सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया.
इसके बाद सचिव युवा हेमंत हर्ष अग्रवाल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों का विस्तार से विवरण दिया गया. उपस्थित सदस्यों ने प्रतिवेदन की सराहना करते हुए इसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया.

कोषाध्यक्ष युवा अनूप शर्मा ने वित्तीय वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसे सभा ने पारित कर दिया. इस दौरान पूर्व अध्यक्ष युवा मंटू अग्रवाल और युवा प्रमेन्द्र शर्मा ने मंच की सक्रियता और टीम वर्क की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों को बधाई दी.
चुनाव पदाधिकारी सह पूर्व अध्यक्ष युवा दिनकृत मंगोटिया ने चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देते हुए औपचारिक रूप से प्रकाश बजाज को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया. वहीं निवर्तमान अध्यक्ष युवा अश्विनी कुमार अग्रवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए पूर्व टीम के कार्यों की सराहना की.
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रकाश बजाज ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि वे मंच को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और जल्द ही नई कार्यसमिति की घोषणा की जाएगी. सभा में मंच के कई सदस्य उपस्थित रहे और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया.

