हजारीबाग: जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के 8 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी वारदात टल गई है.

पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि केरेडारी थाना क्षेत्र के कोलेसरी इलाके में उग्रवादी किसी बड़ी घटना की तैयारी में जुटे हैं. सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर इलाके की घेराबंदी करते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया गया. कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो वाहन पुलिस को देखकर भागने लगा. पीछा करने पर वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसके बाद मौके से 8 उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
हथियारों का जखीरा बरामद
तलाशी के दौरान वाहन से 2 इंसास राइफल, 90 राउंड 5.56 एमएम, 37 राउंड 7.62 एमएम, 26 राउंड 7.65 एमएम और 21 राउंड 9 एमएम जिंदा कारतूस के साथ एक देसी पिस्टल बरामद किया गया.
कमांडरों के संपर्क में थे आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार उग्रवादी संगठन के जोनल कमांडर भीखन गंझू और सब- जोनल कमांडर दिनेश जी उर्फ रवि राम के संपर्क में थे. उनके निर्देश पर लेवी वसूली, दहशत फैलाने और बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि 12 फरवरी 2026 को रामगढ़ जिले के पतरातु थाना क्षेत्र के सरैया में इन्हीं उग्रवादियों द्वारा ऑटोमेटिक हथियारों से दर्जनों राउंड फायरिंग की गई थी. इसके अलावा हजारीबाग के उरीमारी ओपी क्षेत्र में भी बड़ी वारदात की योजना थी, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया.
गिरफ्तार उग्रवादियों में विरेन्द्र मुंडा, सुरेन्द्र मुंडा, सुनील मुंडा, बिरेंद्र मुंडा, ललमोहन, अनिल मुंडा, रविंद्र गंझू उर्फ पिंटू, संतोष गंझू और संजय मुंडा शामिल हैं. पुलिस सभी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

