चांडिल/ Afroz Mallik अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कपाली ओपी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है. अभियान के तहत गौसनगर इलाके से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद की गई है.

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस जब क्षेत्र में गश्त और जांच अभियान चला रही थी, उसी दौरान गौसनगर इलाके में एक मोटरसाइकिल संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली. जांच करने पर पाया गया कि मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, जिससे वाहन को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ.
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया. अधिकारियों ने बताया कि बरामद वाहन के संबंध में सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वाहन किसका है और इसे वहां क्यों छोड़ा गया था.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस मोटरसाइकिल का उपयोग किसी आपराधिक घटना में तो नहीं किया गया है. सत्यापन के बाद मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कपाली ओपी पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अड्डेबाजी, संदिग्ध गतिविधियों और अपराध पर नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं. साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें.

