लातेहार: पुलिस को उग्रवाद विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के दो सक्रिय एरिया कमांडर को गिरफ्तार किया गया है. पकड़े गए उग्रवादियों में 2 लाख के इनामी सुनील उरांव उर्फ सुनील उर्फ मंटू, पिता रामेश्वर उरांव, निवासी तरवाडीह, नावाडीह (लातेहार) और दूसरा आरोपी मुकेश लोहरा, पिता स्व. लक्ष्मण मिस्त्री, निवासी पुरनी पल्हैया, मनिका शामिल है.

एसपी कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि कुख्यात उग्रवादी पप्पू लोहरा के मारे जाने के बाद ये दोनों दोबारा संगठन को सक्रिय करने और पुनर्जीवित करने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए लातेहार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में लातेहार और मनिका थाना की संयुक्त टीम ने विशेष छापामारी अभियान चलाया. इस अभियान के दौरान दोनों उग्रवादियों को धर दबोचा गया.
पुलिस के अनुसार सुनील उरांव पर विभिन्न थानों में सात गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं मुकेश लोहरा पर भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं. दोनों आरोपी हत्या, रंगदारी, पुलिस पर हमला और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं.
एसपी कुमार गौरव ने बताया कि वर्तमान समय में जेजेएमपी संगठन की सक्रियता बेहद कम हो चुकी है. संगठन में अब केवल 4 से 5 सदस्य ही बचे हैं, जो संगठित होकर कोई ठोस गतिविधि नहीं कर पा रहे हैं. इसके बावजूद पुलिस पूरी तरह सतर्क है और उग्रवाद के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
