लोहरदगा: विजयादशमी के पावन अवसर पर बुधवार को शहर के प्रसिद्ध दुर्गाबाड़ी परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत शामिल हुए. दुर्गाबाड़ी पहुंचकर उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और पूरे झारखंड में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की.


सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. मां दुर्गा शक्ति, साहस और नारी सम्मान की प्रतीक हैं. उन्होंने कहा कि दुर्गाबाड़ी लोहरदगा की आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां आयोजित होने वाला भंडारा सामाजिक एकता एवं भाईचारे का संदेश देता है.
इसके बाद सांसद ने श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसाद वितरित कर भंडारे का शुभारंभ किया. सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया. इस दौरान मां दुर्गा के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा और भक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा.

