पटना: राजधानी पटना से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत दानापुर सीट से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अखिलेश कुमार नामांकन से पहले रहस्यमय तरीके से गायब हो गए हैं. बताया जा रहा है कि वे शुक्रवार सुबह नामांकन से पहले अपने समर्थकों के साथ पूजा करने गए थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला.

पार्टी सूत्रों के अनुसार, पूजा के बाद जब अखिलेश कुमार को नामांकन स्थल पर पहुंचना था, तभी से उनका मोबाइल फोन नॉट रीचेबल बताने लगा. जन सुराज पार्टी की ओर से कहा गया है कि प्रत्याशी की खोजबीन की जा रही है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है.पार्टी ने यह भी आशंका जताई है कि अखिलेश कुमार को अगवा किया जा सकता है. जन सुराज के पदाधिकारियों ने बताया कि वे उनके परिजनों और स्थानीय पुलिस प्रशासन से संपर्क में हैं. पार्टी के प्रतिनिधि उनके निवास स्थान और संभावित ठिकानों पर भी जांच कर रहे हैं. पार्टी ने जल्द ही कानून की मदद लेने की बात कही है.
जानकारी के अनुसार, अखिलेश कुमार बिहार विधानसभा चुनाव में पहली बार उम्मीदवार बने थे और दानापुर सीट से जन सुराज पार्टी के टिकट पर नामांकन करने वाले थे. शुक्रवार को नामांकन की अंतिम तिथि थी, और इसी दिन वे पर्चा दाखिल करने वाले थे.गौरतलब है कि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी इस बार पहली बार बिहार की सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव मैदान में उतरी है. पार्टी ने दावा किया है कि वह राज्य की राजनीति में एक नई दिशा और स्वच्छ विकल्प लेकर आई है. प्रत्याशी के अचानक गायब होने से पार्टी के अंदर हड़कंप मचा हुआ है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
