पटना: बिहार की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. आरजेडी संसदीय दल की बैठक शुक्रवार को समाप्त हो गई है. बैठक में सभी नेताओं ने यह निर्णय लिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे और गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ही लेंगे.

बैठक में सर्वसम्मति से लालू प्रसाद यादव को पार्टी की ओर से सभी फैसलों के लिए अधिकृत कर दिया गया है. इसका मतलब यह है कि अब एक बार फिर लालू प्रसाद यादव की सक्रिय भूमिका बिहार की राजनीति में दिखेगी. माना जा रहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी सीटों का समीकरण लालू यादव की रणनीति के अनुसार तय होगा.
आरजेडी के वरिष्ठ नेता भाई वीरेंद्र ने बैठक के बाद कहा कि हमने अपना सारा विचार राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के पास रखा है. हम लोगों ने उन्हें पूर्ण अधिकार दे दिया है और उन पर पूरा विश्वास जताया है. जो भी निर्णय लालू यादव करेंगे, वह सभी के लिए मान्य होगा.
भाई वीरेंद्र ने आगे कहा कि 243 विधानसभा सीटों पर गठबंधन करने और पार्टी उम्मीदवारों के चयन का अधिकार लालू प्रसाद यादव को दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिसे भी टिकट मिलेगा, पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता उसकी पूरी मदद करेंगे.
उन्होंने कहा कि “हम लोगों ने अपना पावर इन्वेस्ट कर दिया है लालू प्रसाद यादव के पास. राज्य संसदीय बोर्ड या केंद्रीय संसदीय बोर्ड — दोनों स्तर पर लालूजी का निर्णय सर्वमान्य होगा.”
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस बैठक के बाद आरजेडी के अंदर संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की गई है. साथ ही, लालू यादव की पुरानी सक्रियता का संकेत भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
