पटना: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और SIS ग्रुप के संस्थापक डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) का निधन हो गया. उन्होंने नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से बिहार के राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर है.


डॉ. आरके सिन्हा के पार्थिव शरीर को नोएडा से पटना लाया जाएगा. पटना के पाटलिपुत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, जहां उनके समर्थक, शुभचिंतक और आम लोग श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे. पार्थिव शरीर के पटना पहुंचने के समय और अंतिम संस्कार से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी परिवार की ओर से दिए जाने की बात कही गई है.
राजनीति के साथ उद्योग जगत में बनाई अलग पहचान
डॉ. आरके सिन्हा लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे और पार्टी के संगठनात्मक विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाई. बाद में वह राज्यसभा के सदस्य भी रहे. संसदीय जीवन के दौरान उन्होंने बिहार और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सदन में उठाया.
राजनीति के साथ उन्होंने उद्यमिता के क्षेत्र में भी बड़ी पहचान बनाई. वह Security and Intelligence Services (SIS) Group के संस्थापक थे. सुरक्षा सेवाओं के क्षेत्र में शुरू किया गया उनका उद्यम आगे चलकर बड़े कारोबारी समूह के रूप में विकसित हुआ और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार से जोड़ा.
पत्रकारिता, सामाजिक गतिविधियों, राजनीति और उद्यमिता से जुड़े रहे डॉ. आरके सिन्हा की पहचान बिहार के प्रमुख सार्वजनिक व्यक्तित्वों में रही. उनके निधन के बाद राजनीतिक और कारोबारी जगत से जुड़े लोगों द्वारा शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं.

