समस्तीपुर: आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समस्तीपुर पुलिस ने “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने चोरी, गृहभेदन, झपट्टामारी और गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी में उल्लेखनीय कामयाबी पाई है. पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में करीब 17 लाख रुपये मूल्य के कुल 64 मोबाइल बरामद किए गए हैं.

जानकारी के मुताबिक, बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे राज्य में “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों के गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी है. इसी अभियान के तहत समस्तीपुर पुलिस ने अबतक कुल 3 करोड़ 44 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के 1501 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किए हैं.
इस अभियान के सफल संचालन की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) श्री दुर्गेश कुमार के नेतृत्व में चल रही है. उनके नेतृत्व में तकनीकी और आसूचना संकलन के आधार पर अनुमंडलवार पांच मोबाइल रिकवरी टीमों का गठन किया गया है. इन टीमों में युवा और कुशल पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं जो त्वरित कार्रवाई कर मोबाइलों की बरामदगी में लगे हुए हैं.

दलसिंहसराय थाना की मोबाइल रिकवरी टीम, जिसकी प्रभारी पुअनि रिचा सिंह हैं, ने सबसे अधिक 12 मोबाइल बरामद किए हैं. बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान से जिले के नागरिकों को काफी राहत मिली है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा.
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बरामद किए गए सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए. समस्तीपुर पुलिस ने भरोसा दिलाया कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान और सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह तत्पर है.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
