सरायकेला: पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत की अध्यक्षता में सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला व चांडिल, सभी थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक एवं शाखा प्रभारियों की उपस्थिति में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में आगामी पर्व- त्योहारों को लेकर विधि- व्यवस्था संधारण हेतु रणनीति बनाई गई तथा आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.

जुलाई माह के अपराधों की समीक्षा करते हुए उद्भेदन के लिए दिशा- निर्देश दिए गए और अगस्त माह में अधिकाधिक मामलों के निष्पादन का आदेश दिया गया. जून माह में तीन या उससे अधिक कांडों का निष्पादन करने वाले अनुसंधानकर्ताओं को सुसेवांक देकर पुरस्कृत किया गया.
बैठक में संपत्ति- सम्बंधित कांडों की थानावार समीक्षा, अपराध नियंत्रण हेतु प्रहरी पहल की मजबूती, सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की प्रविष्टि में तेजी, मादक पदार्थों व अवैध शराब के खिलाफ अभियान, बलात्कार व पोक्सो मामलों के 60 दिन में निष्पादन तथा चिन्हित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जैसे बिंदुओं पर चर्चा की गई.
पुलिस अधीक्षक ने पासपोर्ट सत्यापन को पांच दिन में पूर्ण करने, डायल 112 शिकायतों पर 10 मिनट में त्वरित प्रतिक्रिया, अपराधियों का सत्यापन व निगरानी, सीसीटीवी अधिष्ठापन को प्रोत्साहन और लंबित वारंट- कुर्की के निष्पादन पर बल दिया. साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, ई- साक्ष्य ऐप का उपयोग और अवैध उत्खनन पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश भी दिया गया.

