सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों की विद्यालय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय सोनापेट में उन्नति का पहिया योजना के तहत साइकिल वितरण समारोह आयोजित किया गया. पहली बार क्षेत्र के विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सोनापेट विद्यालय परिसर में ही साइकिल वितरण किया गया.



इस अवसर पर सियाडीह, गिलुवा, तरंबा, गोमियाडी और सोनापेट विद्यालय के कुल 99 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) मिहीर कुमार दास उपस्थित रहे. उनके साथ शिक्षक रूपेश मिश्रा, चमर सिंह मुंडा, यदुनाथ मुंडा, तारक नाथ मुखी सहित अन्य शिक्षक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीपीओ मिहीर कुमार दास ने कहा कि राज्य सरकार की उन्नति का पहिया योजना ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है. उन्होंने कहा कि कई बच्चों को प्रतिदिन कई किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है. साइकिल मिलने से उनका समय बचेगा, नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा.
शिक्षक रूपेश मिश्रा ने कहा कि शिक्षा ही विकास की सबसे मजबूत नींव है. साइकिल मिलने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे आगे की पढ़ाई के लिए भी प्रेरित होंगे. उन्होंने छात्रों से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने और पूरी लगन से पढ़ाई करने की अपील की.
साइकिल पाकर छात्र- छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे. लाभुक विद्यार्थियों ने कहा कि पहले उन्हें लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और ऊर्जा दोनों खर्च होते थे. अब साइकिल मिलने से विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी और वे नियमित रूप से पढ़ाई कर सकेंगे.
सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर पर साइकिल वितरण होने से अभिभावकों में भी खुशी का माहौल रहा. उन्होंने इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सरकार और शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया.





