जामताड़ा: जिले में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की. जिला खनन निरीक्षक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में जामताड़ा शहर के इंदिरा चौक पर छापेमारी कर अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया.



जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक बालू परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या चालान प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद खनन विभाग की टीम ने नियमानुसार ट्रैक्टर को जब्त कर जामताड़ा थाना के सुपुर्द कर दिया. वाहन के विरुद्ध खनन अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है.
जिला खनन निरीक्षक अखिलेश कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. बिना वैध अनुमति या परिवहन चालान के खनिज का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने वाहन चालकों और खनन कारोबारियों से अपील की कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए वैध दस्तावेजों के साथ ही खनिज का परिवहन करें. विभाग भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमित जांच और छापेमारी जारी रखेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





