खूंटी: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने एक बार फिर सक्रियता और सजगता का परिचय देते हुए चार लुटेरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना उस समय की है जब वे खूंटी के आम्रेश्वर धाम में पूजा अर्चना कर लौट रहे थे. इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि चार युवक एक बुजुर्ग महिला के कान से सोने की बाली छीनकर फरार हो गए हैं.

पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने तत्काल स्थिति की गंभीरता को समझा और अपनी सुरक्षा टीम को अलर्ट किया. महिला के बयान के आधार पर उन्होंने लुटेरों का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें पकड़ लिया. इसके बाद चारों को खूंटी पुलिस के हवाले कर दिया गया. हालाँकि पकड़े गए युवकों ने लूट में शामिल होने से इनकार किया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब बुजुर्ग महिला ने अर्जुन मुंडा की गाड़ी को आते देखा, वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी. अर्जुन मुंडा ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और महिला से जानकारी ली. इसके बाद गाड़ी तेज़ी से दौड़ाकर लुटेरों को धर दबोचा गया. इस दौरान अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा भी उनके साथ थीं. घटना के बाद अर्जुन मुंडा खूंटी के वरिष्ठ नेता और पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा से भी मिलने पहुंचे. यह पूरी घटना आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां एक जनप्रतिनिधि द्वारा खुद मोर्चा संभालते हुए अपराधियों को पकड़ने की सराहना की जा रही है.
बाईट
अर्जुन मुंडा (पूर्व मुख्यमंत्री)

