जामताड़ा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा के तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय उच्च विद्यालय, शहरी क्षेत्र बुधुडीह में ‘सुरक्षित बचपन’ अभियान के तहत ‘ना बाल विवाह, ना बाल शोषण’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.


प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष अनुज कुमार प्रथम तथा प्राधिकार के सचिव पवन कुमार द्वितीय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर बाल विवाह और बाल शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद की.
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को बाल विवाह रोकने, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने और बाल शोषण के विरुद्ध जागरूक रहने का संदेश दिया.

कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों एवं समाज के लोगों को इन सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया. मौके पर एलएडीसी के डिप्टी चीफ दिलीप कुमार सिन्हा ने बच्चों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल अधिकारों और बाल शोषण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास में बाधक है. बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा बाल विवाह या बाल शोषण की किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के लिए प्रेरित किया.
वहीं, पैनल अधिवक्ता बाबली साव ने बाल विवाह निषेध कानून, बाल संरक्षण एवं बच्चों के साथ होने वाले विभिन्न प्रकार के शोषण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बच्चों का सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप रहने के बजाय अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों से मदद लेने की अपील की.
कार्यक्रम में बच्चों को बाल सहायता एवं संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा निःशुल्क विधिक सहायता के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई. साथ ही बाल विवाह और बाल शोषण की रोकथाम में विद्यालय, अभिभावकों, समुदाय और प्रशासन की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया.
इस अवसर पर शिक्षक नरेश कुमार, चंदना मंडल, चेताली दत्त, भारती मुर्मू, सौरवदीप गांगुली, सोमा गोड़ाई सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे. कार्यक्रम के सफल आयोजन में पीएलवी आनंद महतो, जगतमोहन महतो एवं अमित कुमार मिश्रा ने सक्रिय सहयोग दिया.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

