
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली थाना क्षेत्र के नारदा पंचायत में 12 वर्षीय अनीता सरदार की तेज बुखार के बाद मौत हो गई. प्रारंभिक तौर पर मलेरिया की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.


घटना की जानकारी मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी अपनी मेडिकल टीम के साथ गांव पहुंचे और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली. स्वास्थ्य विभाग ने गांव में लोगों की स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी है तथा मलेरिया से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं.
इस बीच मृत बच्ची का पांच वर्षीय छोटा भाई अजय सरदार भी तेज बुखार से पीड़ित मिला. परिजन उसे अस्पताल ले जाने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समझाकर उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर में भर्ती कराया. चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार सामने आ रहे बुखार और संदिग्ध मलेरिया के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बुखार होने पर लापरवाही न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराकर समय पर उपचार कराएं.





