चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. जहां सुरक्षाबलों ने पांच नक्सली बंकर ध्वस्त कर दिए हैं और दो आईईडी बरामद किए हैं.

चाईबासा पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि एसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी नक्सली संगठन ने छोटानागरा थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में गोला- बारूद छुपाकर रखा है. नक्सलियों का मकसद सुरक्षाबलों के अभियान को रोकना और उन्हें नुकसान पहुंचाना था. इस सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने छोटानागरा थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया. सर्च के दौरान दो आईईडी बरामद हुए. सुरक्षा के लिहाज से बरामद आईईडी को बम निरोधक दस्ते की मदद से उसी स्थान पर नष्ट कर दिया गया. इसके अलावा सुरक्षाबलों को इलाके में पांच नक्सली बंकर भी मिले. इन बंकरों को भी ध्वस्त कर दिया गया. बंकरों से गोला- बारूद और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है. पुलिस ने बताया कि इलाके में अभियान जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

