मोतिहारी: जमीन कब्जा करने गए भू- माफिया बिचारी राय (राजद नेता) की ग्रामीणों ने जमकर धुनाई कर दी है. भू माफिया के साथ गए दल बल में शामिल एक व्यक्ति के पास से एक पिस्टल और गोली ग्रामीणों ने छीनकर पुलिस को सौंपा है.

घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पटपरिया की है, जहां पर एक महिला की नानी ने अपने पतोहू और नाती के नाम से जमीन लिख दिया था. जो सर्वे के दौरान उक्त परिजन को पता चला था. उक्त जमीन पर एक दूसरे पक्ष का दावा है, जिसको लेकर कल पंचायत हुई थी. लेकिन उस पंचायत में जो पक्ष कागज नहीं दिखा सका था, आज वही पक्ष इलाके के एक भू माफिया को लेकर जमीन पर कब्जा करने पहुंच गया था, जिससे ग्रामीण भड़क गए और जमीन कब्जा करने पहुंचे लोगों की जमकर धुनाई कर दी. ग्रामीणों ने भू माफिया के साथ गए दल बल में शामिल एक व्यक्ति के पास से एक पिस्टल और गोली छीनकर पुलिस को सौंप दिया है. बता दें कि मोतिहारी में कई ऐसे मामले हैं जहां जमीन फर्जी ढंग से लिखवाने की शिकायतें आम हैं. लोग थाना और सीओ के ऑफिस में चक्कर लगाते रहते हैं, लेकिन दबंग भू माफिया आसानी से कब्जा कर लेते हैं. इस बार दांव उल्टा पड़ गया और भू माफिया की जमकर पिटाई हो गई.

