सरायकेला: थाना अंतर्गत सिनी ओपी अंतर्गत कमलपुर गांव में बीते 24 अप्रैल को हुए लूट कांड का उदभेदन करते हुए पुलिस ने अवैध हथियार के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस लूट कांड में आरोपियों ने भारत फाईनेंस के एजेंट से कलेक्शन का 98,311 रुपये और टैब तथा बायोमैट्रिक मशीन लूट लिया था.

सोमवार को एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने एक प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मामला दर्ज होते ही एक टीम का गठन किया गया था. टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर चारों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. गिरफ्त में आए अपराधियों में मो0 हुसैन, अशोक महतो, देवाशीष महतो और राकेश महतो शामिल हैं. ये सभी आरोपी सरायकेला थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा, लूटा हुआ बैग, मोटरसाइकिल, मोबाईल फोन और करीब 3400 रुपये बरामद किए हैं.
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
मो0 हुसैन पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं, जिनमें राजनगर थाना कांड सं0- 27/23, सरायकेला थाना कांड सं0- 50/23, सरायकेला थाना कांड सं0- 113/22 और अन्य मामले शामिल हैं.

