चाईबासा: सोनुआ विद्युत सब स्टेशन से बनजीरा होते हुए निश्चिंतपुर तक करीब चार किलोमीटर लंबी ग्रामीण मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने अब खुद इसकी मरम्मत का बीड़ा उठाया है. ग्रामीणों ने बैठक कर श्रमदान से सड़क के गड्ढों को भरने और आवागमन लायक बनाने का निर्णय लिया है.


ग्रामीणों के अनुसार सड़क की अधिकांश जगहों से पिच उखड़ चुकी है और सैकड़ों छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं. इसके कारण रोजाना आवागमन करने वाले ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत होती है.
सड़क की बदहाली को देखते हुए ग्रामीणों ने सरकारी स्तर पर मरम्मत का इंतजार करने के बजाय श्रमदान से इसे दुरुस्त करने का फैसला किया. स्थानीय मुखिया संजीव कांडेयांग ने भी इस पहल में सहयोग करते हुए जेसीबी का खर्च वहन करने का आश्वासन दिया है.
ग्रामीणों का कहना है कि फिलहाल श्रमदान के जरिए सड़क को आवागमन योग्य बनाने का प्रयास किया जाएगा. बैठक में राजू महतो, मुकेश महतो सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे.

