खरसावां: पदमपुर के प्रसिद्ध काली पूजा सह मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर बुधवार को खरसावां थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई. बीडीओ प्रधान माझी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.


बीडीओ प्रधान माझी ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान शराब की बिक्री और जुआ खेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पूरे मेला क्षेत्र की CCTV और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी. किसी भी आपात स्थिति की तत्काल सूचना देने के लिए प्रशासन के मोबाइल नंबर भी मेला परिसर में प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किए जाएंगे.
झूला संचालकों और दुकानदारों को आग अथवा अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन की समुचित व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है. झूला संचालकों को CCTV कैमरे लगाने को भी कहा गया है.
महिला पुलिस के साथ सादे लिबास में रहेंगे जवान
थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि मेले में विधि-व्यवस्था भंग करने, शराब बेचने अथवा जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों और सादे लिबास में जवानों की तैनाती रहेगी.
8 नवंबर की रात मां काली की पूजा, 14 को विसर्जन
बैठक में बताया गया कि 8 नवंबर की रात मां काली की पूजा होगी, जबकि 14 नवंबर को दोपहर तीन बजे विसर्जन किया जाएगा. सात दिवसीय मेले में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई जाएंगी. गांव में वाहनों की नो-एंट्री रहेगी और प्रवेश द्वार पर ड्रॉप गेट बनाया जाएगा. स्वास्थ्य उपकेंद्र भी सातों दिन 24 घंटे खुला रहेगा.
बैठक में मुखिया मंगल सिंह जामुदा, सुनीता तापे, सुब्रत सिंहदेव, कालीचरण साहू, अशोक मंडल, अनंत बेहरा, अक्षय मंडल, रंजन साहू, अजीत सिंहदेव, सत्य नारायण मंडल, आकुला साहू, सुजीत मंडल, दिलीप मंडल, निरंजन मंडल, भूपेन मंडल, मनमित सिंह, अंशुमन सिंहदेव, राजाराम पड़िहारी सहित पदमपुर, तेलीसाही और बानरासाही के ग्रामीण उपस्थित थे.

