चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैर-कानूनी परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनुआ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बारी से अवैध बालू से लदे 8 ट्रैक्टर जब्त किए हैं. इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है.



पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम बारी के रास्ते बड़े पैमाने पर अवैध बालू का परिवहन किया जा रहा है. सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें बालू लदे सभी 8 ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया.

जब्त वाहनों को थाना लाने के दौरान एक ट्रैक्टर कच्ची सड़क पर असंतुलित होकर पलट गया, जिससे उस पर लदा बालू सड़क पर बिखर गया. बाद में स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से ट्रैक्टर को सीधा कर सभी वाहनों को सुरक्षित सोनुआ थाना परिसर पहुंचाया गया.
पुलिस ने मामले की सूचना जिला खनन पदाधिकारी को दे दी है. खनन विभाग संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई कर रहा है.
पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





