जामताड़ा: मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 स्थित निर्माणाधीन फुटबॉल स्टेडियम के पीछे बने तालाब में शुक्रवार को डूबने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान हलुदकनली निवासी रवि कोल के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.



जानकारी के अनुसार, रवि कोल शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे तालाब में स्नान करने गया था. नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. तालाब किनारे मौजूद दो बच्चों ने घटना देखकर तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही एएसआई सुजन रवानी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने स्वयं तालाब में उतरकर युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. बाद में केलाही गांव से गोताखोरों की टीम बुलाई गई. काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने रवि कोल का शव तालाब से बाहर निकाला.
बचाव अभियान में जैनुल अंसारी, जसीम अंसारी, नदीम अंसारी, अजीम अंसारी, सत्तार अंसारी, गुलु अंसारी, इरफान अंसारी, तैयब अंसारी, नईम अंसारी, अंसारुल अंसारी, शमीम अंसारी, फांका अंसारी, पठान अंसारी, शमशेर अंसारी और मुबारक अंसारी सहित स्थानीय गोताखोरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
घटना की सूचना पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि पुलु यादव, समाजसेवी काजू शर्मा, वार्ड पार्षद कैलाश साव, रवि मिस्त्री समेत कई लोग मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तालाब के आसपास सुरक्षा घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





