चांडिल: ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने मंगलवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया. इस अवसर पर उन्होंने चांडिल क्षेत्र के भादूडीह, हुमीद, खोखरोडीह, बड़ालाखा, काटीया सहित कुकड़ू प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया.


विधायक सविता महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा स्वतंत्रता संग्राम के महानायक, आदिवासी समाज के गौरव और झारखंड की पहचान हैं. उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए शोषण और अन्याय के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया था.

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचार, संघर्ष और त्याग आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं. उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सामाजिक न्याय, समानता और स्वाभिमान की भावना को मजबूत किया जा सकता है.
विधायक ने लोगों से धरती आबा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और उनके सपनों के समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
इस दौरान जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओमप्रकाश लायेक, काबलु महतो, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, समाजसेवी दिलीप महतो, धर्मु गोप, शंकर लायेक, आशु बेसरा, मदन प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
Edited By Sarita Mahato

