चाईबासा: झारखंड प्रदेश डिजिटल पंचायत सचिवालय प्रज्ञा केंद्र संचालक संघ के आह्वान पर पश्चिम सिंहभूम समेत पूरे राज्य में सोमवार से अनिश्चितकालीन डिजिटल हड़ताल शुरू हो गई है. हड़ताल के चलते पंचायत सचिवालयों में संचालित कई ऑनलाइन और ई-गवर्नेंस सेवाओं पर असर पड़ने लगा है.


संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पंचायत स्तर पर कार्यरत प्रज्ञा केंद्र संचालक वर्षों से मानदेय, संसाधनों की कमी, आउटसोर्सिंग व्यवस्था में सुधार और कार्य संबंधी समस्याओं को लेकर मांग उठाते रहे हैं. उनका आरोप है कि बार-बार मांग रखने के बावजूद समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
हड़ताल के दौरान डिजिटल अटेंडेंस का बहिष्कार किया जाएगा और सीएससी के माध्यम से संचालित कई अतिरिक्त कार्य भी बंद रहेंगे. विभिन्न जिलों में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और आंदोलन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
संघ का कहना है कि पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में प्रज्ञा केंद्र संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल रहा है. मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
हड़ताल के कारण ऑनलाइन प्रमाणपत्र, आवेदन प्रक्रिया, डिजिटल सत्यापन और अन्य ई-गवर्नेंस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. संचालकों ने सरकार से वार्ता कर जल्द समाधान निकालने की मांग की है.
रिपोर्ट: ज्योतिष महाली



