चांडिल: कपाली नगर परिषद क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) कार्यक्रम के तहत मतदाताओं के सत्यापन और भौतिक जांच की प्रक्रिया अपेक्षित गति से नहीं चल रही है. इस पर चिंता व्यक्त करते हुए कपाली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपी कृष्णा ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से जल्द से जल्द अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है.


उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जून से 7 जून 2026 तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. इन शिविरों में प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक मतदाताओं के सत्यापन एवं भौतिक जांच का कार्य किया जा रहा है. हालांकि अब तक कपाली क्षेत्र के 50 प्रतिशत से भी कम मतदाताओं का सत्यापन कार्य पूरा हो सका है.
गोपी कृष्णा ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज रहे और कोई भी नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न हो, इसके लिए सभी मतदाताओं का सहयोग आवश्यक है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराएं.
उन्होंने वार्ड पार्षदों, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों को जागरूक करने और शिविरों तक पहुंचाने में सहयोग देने का आग्रह किया.
कपाली नगर परिषद प्रशासन ने नागरिकों से अंतिम समय का इंतजार नहीं करने तथा शीघ्र अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील की है, ताकि निर्वाचन संबंधी सभी कार्य समयबद्ध तरीके से संपन्न किए जा सकें.
रिपोर्ट:अफरोज मलिक



