सरायकेला :सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल एवं जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर क्षेत्रवासियों ने जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से कांड्रा जंक्शन पर ट्रेनों के ठहराव को पुनः शुरू करने तथा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई.


इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के प्रतिनिधि मनोज महतो, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो, झारखंड कुर्मी महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्र मोहन चौधरी एवं शिक्षाविद अर्जुन सिंह संयुक्त रूप से उपस्थित रहे.
ज्ञापन में बताया गया कि कोविड-19 महामारी से पूर्व कांड्रा जंक्शन पर गाड़ी संख्या 18181/18182 टाटा-थावे एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव होता था, जिसे कोविड काल में बंद कर दिया गया. क्षेत्रवासियों का कहना है कि आज तक इन ट्रेनों का स्टॉपेज बहाल नहीं होने से विद्यार्थियों, दैनिक यात्रियों, मजदूरों, व्यापारियों एवं मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए टाटानगर अथवा चांडिल स्टेशन तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है. क्षेत्रवासियों ने सांसद से कांड्रा जंक्शन पर पूर्व की भांति ट्रेनों का ठहराव शीघ्र बहाल कराने की मांग की.
इसके अलावा ज्ञापन में कांड्रा जंक्शन के समीप रेलवे पुलिया एवं अंडरपास की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई. बताया गया कि बरसात के दिनों में जलजमाव और संकीर्ण रास्ते के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित होता है. मांग की गई कि टाटानगर-सिनी रेलवे लाइन की तर्ज पर यहां व्यवस्थित अंडरपास ब्रिज का निर्माण कराया जाए अथवा वर्तमान पुलियों में से एक को आवागमन एवं दूसरी को जल निकासी के लिए विकसित किया जाए.
क्षेत्रवासियों ने कहा कि इससे एंबुलेंस, ऑटो, कार, ट्रैक्टर समेत छोटे वाहनों का आवागमन सुगम हो सकेगा और लोगों को राहत मिलेगी. अंत में सांसद से आग्रह किया गया कि वे इस जनहित से जुड़े मुद्दे को रेल मंत्रालय एवं दक्षिण पूर्व रेलवे, चक्रधरपुर मंडल के समक्ष प्रमुखता से उठाएं, ताकि कांड्रा एवं आसपास के हजारों लोगों को सुविधाएं मिल सकें.

