जमशेदपुर/ Afroz Mallik टाटा स्टील सुरक्षा टीम ने बीती रात एलडी-1 ट्रैक हॉपर क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया. सुरक्षा विभाग को पूर्व से मिली गुप्त सूचना के आधार पर रात 11:50 बजे क्षेत्र में घेराबंदी की गई थी. संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर सुरक्षा कर्मियों ने दबिश दी और मौके से एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रहमत कुरैशी (35 वर्ष), पिता अनमल कुरैशी, निवासी धतकीडीह ब्लॉक-ए बड़ी मस्जिद के पास के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, रहमत कुरैशी आदतन अपराधी है और इससे पहले भी दो बार चोरी की कोशिश करते हुए पकड़ा जा चुका है. नियमित प्रक्रिया के तहत आरोपी का डब्ल्यूपीएफए में मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसे बिस्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया. इस कार्रवाई से एक बार फिर साबित हुआ कि टाटा स्टील सुरक्षा टीम की सतर्कता के कारण कंपनी की संपत्ति और परिसर पूरी तरह सुरक्षित हैं.

