जामताड़ा : पुलिस ने मोबाइल चोरी कांड का सफल उद्भेदन करते हुए चोरी के आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं. मामले में एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक को पकड़ा गया है, जिसके पास से चोरी का मोबाइल बरामद हुआ है.


पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर इस मामले में कार्रवाई की गई. उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वसीम रजा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने मोबाइल चोरी की घटना के उद्भेदन के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया.
जानकारी के अनुसार, जामताड़ा थाना कांड संख्या 67/26, दिनांक 18 मई 2026, धारा 334(1)/303(2) बीएनएस के तहत सुभाष चौक स्थित एक मोबाइल दुकान में चोरी की घटना दर्ज की गई थी. मामले की जांच के क्रम में पुलिस ने देवघर जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के ताराजोरी गांव में छापेमारी कर एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक को चोरी के मोबाइल के साथ पकड़ा.
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में प्राप्त जानकारी के आधार पर घटना में शामिल अन्य आरोपियों के संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की गई. इस दौरान विभिन्न स्थानों से कुल आठ चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए.
छापामारी दल में जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत प्रसाद गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक साकेत प्रताप देव, तकनीकी शाखा के संतोष कुमार सिंह तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

