जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 106 वाहिनी रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), सुंदरनगर, जमशेदपुर द्वारा वाहिनी परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.


कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण के साथ हुई, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए. इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देना था.

इस अवसर पर 106 वाहिनी के कमांडेंट राजीव कुमार ने जवानों एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है. उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि स्वच्छ वायु, जल संरक्षण तथा जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया. कमांडेंट ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है. आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील होना होगा तथा पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी.
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी सच्चिदानंद मिश्र, कौशल साधन गिरि सहित अन्य अधिकारियों एवं जवानों ने भी भाग लिया. सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया.
106 वाहिनी RAF द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा हरित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ. कार्यक्रम का समापन प्रकृति संरक्षण, सतत विकास एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.
रिपोर्ट:अफरोज मलिक



