सरायकेला: उपायुक्त-सह जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई. बैठक में सरायकेला एवं चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी तथा सभी अंचलाधिकारी शामिल हुए.


बैठक में जिले में प्राकृतिक आपदाओं से जुड़े लंबित मामलों की अंचलवार और आपदा-वार समीक्षा की गई. समीक्षा के बाद कुल 45 मामलों में 54 लाख 15 हजार रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया.
स्वीकृत राशि में सड़क दुर्घटना के 25 मामलों के लिए 25 लाख रुपये, अतिवृष्टि से मकान क्षतिग्रस्त होने के 11 मामलों के लिए 45 हजार 500 रुपये, पानी में डूबने से मृत्यु के चार मामलों में 16 लाख रुपये, सर्पदंश से मृत्यु के दो मामलों में आठ लाख रुपये, वज्रपात से मृत पशुओं के दो मामलों में 69 हजार 500 रुपये तथा अग्निकांड से मृत्यु के एक मामले में चार लाख रुपये शामिल हैं.
बैठक में स्वीकृत मामलों में अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया. अपर उपायुक्त ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों के मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
समीक्षा के दौरान तीन माह से अधिक समय से लंबित मामलों पर खरसावां, राजनगर और इचागढ़ के अंचल अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया गया. लंबित मामलों के कारण स्पष्ट करते हुए शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया.
सभी अंचल अधिकारियों को आपदा प्रबंधन योजनाओं और सहायता प्रावधानों का स्थानीय भाषा में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया. साथ ही पात्र लोगों को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया.
बैठक में यह भी अपील की गई कि आपदा सहायता के लिए आवेदन किए 45 दिन या उससे अधिक समय बीतने के बावजूद स्वीकृति अथवा भुगतान नहीं होने पर प्रभावित परिवार जिला स्तर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

