सरायकेला: विश्व प्रसिद्ध सरायकेला रथ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय महिला गिरोह का सरायकेला थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने पश्चिम बंगाल की चार महिलाओं को चोरी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस कार्रवाई के बाद मेला क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है.



पुलिस के अनुसार सरायकेला थाना कांड संख्या-59/26, दिनांक 25 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. अनुसंधान के दौरान यह सामने आया कि गिरफ्तार महिलाएं संगठित तरीके से भीड़भाड़ वाले धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में पहुंचकर श्रद्धालुओं को निशाना बनाती थीं. रथ मेला में उमड़ी भारी भीड़ के बीच ये महिलाएं लोगों का ध्यान भटकाकर जेबकतरी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास कर रही थीं. इसी दौरान सरायकेला थाना पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से चारों महिलाओं को रंगे हाथ पकड़ लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्नी मुदलियार, कंका मुदलियार, नारायण मुदलियार तथा कनक विश्वास के रूप में हुई है. सभी आरोपी बंदेल बालिकात, थाना बंदेल-चिन्सुराह, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल की निवासी हैं.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से चारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि यह गिरोह पूर्व में किन-किन स्थानों पर चोरी और जेबकतरी की घटनाओं में शामिल रहा है तथा इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि रथ मेला जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे अवसरों का लाभ उठाकर कुछ असामाजिक तत्व चोरी और जेबकतरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास करते हैं. उन्होंने कहा कि पूरे मेले के दौरान पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात थी. इसी सतर्कता के कारण चार महिलाओं को चोरी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा.
आमजन की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. भविष्य में भी ऐसे संगठित गिरोहों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
थाना प्रभारी ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी भीड़भाड़ वाले आयोजन में अपने सामान की सुरक्षा स्वयं भी सुनिश्चित करें. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी या थाना पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
पुलिस की इस कार्रवाई को रथ मेला की सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी सफलता माना जा रहा है. इस कार्रवाई से न केवल चोरी की घटना का तत्काल खुलासा हुआ, बल्कि एक अंतरराज्यीय महिला गिरोह को भी सलाखों के पीछे पहुंचाने में सफलता मिली है. इससे श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





