जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह कैनाल में रविवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय ग्रामीणों ने कैनाल में शव को पानी में तैरते देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी.



सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. मृतका की उम्र करीब 34 वर्ष बताई जा रही है. फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार महिला का शव नग्न अवस्था में कैनाल में मिला. उसके हाथों में मेहंदी लगी हुई थी. शव की स्थिति को देखते हुए आसपास के लोगों ने हत्या की आशंका भी जताई. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है.
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि महिला की नहाने के दौरान डूबने से मौत हुई होगी और शव बहकर इस स्थान तक पहुंचा हो सकता है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतका की पहचान या उसके संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल परसुडीह थाना से संपर्क करें. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.





