सरायकेला: राज्य एवं जिला स्तर से प्राप्त निर्देशों के आलोक में सरायकेला प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय भंडारीसाई में शनिवार को तिथि भोजन कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को विशेष एवं पौष्टिक भोजन परोसा गया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.


कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपाट, प्रखंड मध्यान्ह भोजन कोषांग के राजाराम महतो, संकुल साधन सेवी राजकुमार प्रधान, प्रभारी प्रधानाध्यापक दीपक कुमार महतो, पूर्व सरपंच राजाराम महतो, विद्यालय अध्यक्ष हिमांशु दास, ग्राम प्रधान दिलीप महतो समेत कई शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे.
इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपाट ने कहा कि तिथि भोजन कार्यक्रम बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति बढ़ाने और मध्याह्न भोजन योजना को अधिक आकर्षक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने कहा कि नियमित भोजन के अलावा विशेष और पौष्टिक व्यंजन मिलने से बच्चों में विद्यालय आने की रुचि बढ़ती है तथा उनकी शैक्षणिक सहभागिता भी मजबूत होती है.
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को विशेष मेनू के तहत पनीर, पालक, दाल, चावल, आलू, हरी सब्जी, अचार, पापड़ और सलाद परोसा गया. स्वादिष्ट भोजन पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और पूरे विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया.
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाते हैं, बल्कि उनमें सामाजिक सहभागिता, अनुशासन और विद्यालय के प्रति जुड़ाव की भावना भी विकसित करते हैं.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

