सरायकेला: राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और चोरी की कथित घटना की खबर जांच में पूरी तरह बेबुनियाद साबित हुई है. पुलिस जांच, विद्यालय प्रबंधन के बयान और सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा के बाद कहीं भी तोड़फोड़, चोरी या किसी असामाजिक गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले हैं.


घटना की सूचना मिलने पर सरायकेला थाना प्रभारी स्वयं विद्यालय पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया. जांच के दौरान विद्यालय की ग्रिल, कमरों और अन्य संपत्तियों को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचने के साक्ष्य नहीं मिले. शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी स्पष्ट किया कि विद्यालय में किसी तरह की तोड़फोड़ की घटना नहीं हुई है और स्कूल का संचालन सामान्य रूप से जारी है.
हालांकि जांच में यह बात सामने आई कि विद्यालय बंद होने के बाद आसपास के कुछ बच्चे ग्रिल फांदकर परिसर में क्रिकेट खेलने पहुंच जाते हैं. सीसीटीवी फुटेज में बच्चों को खेलते हुए देखा गया है. विद्यालय प्रबंधन ने आशंका जताई है कि खेल के दौरान गेंद लगने से खिड़कियों के शीशे या अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है.
विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों और स्थानीय लोगों से बच्चों को निर्धारित खेल मैदानों में खेलने के लिए प्रेरित करने की अपील की है. पुलिस और स्कूल प्रबंधन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा तथ्यों पर भरोसा करने की अपील की है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

