सरायकेला: खरसावां मुख्य मार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही भारी पड़ गई. कीता के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक टाटा 407 अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई. इस हादसे में चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.


जानकारी के अनुसार, टाटा 407 ईंट लोड कर खरसावां की ओर जा रहा था. इसी दौरान अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसे में घायल लोगों की पहचान विष्णु जमुदा (बड़बिल), विक्की जमुदा और छोटू जमुदा (कुदरसाई) तथा चालक राकेश पड़ीहारी (बिरसा चौक) के रूप में हुई है. सभी को गंभीर चोटें आई हैं.
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को गश्ती वाहन से तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है. तेज रफ्तार, अचानक ब्रेक और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी ऐसे हादसों की बड़ी वजह बन रही है.
विशेषज्ञों का कहना है कि वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण, सुरक्षित दूरी और सतर्कता बेहद जरूरी है. थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है.
प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं. ऐसे में जरूरत है कि हर चालक अपनी जिम्मेदारी समझे और सड़क पर अनुशासन बनाए रखे.

