सरायकेला: थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा- सरायकेला- चाईबासा मुख्य मार्ग पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत के बाद आक्रोशित लोगों द्वारा लगाया गया जाम करीब तीन घंटे बाद वार्ता के पश्चात हटा लिया गया. मृतक की पहचान आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती निवासी अमन अली, पिता इमरान अली के रूप में हुई है.


बताया जा रहा है कि अमन अपने चाचा के घर राजबांध आया हुआ था. शनिवार को सड़क पार करने के दौरान पहले एक बाइक ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर जा गिरा. इसी दौरान सरायकेला की ओर से आ रहे एक पिकअप वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में अमन की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने टाटा-सरायकेला मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी और नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे. प्रशासन और आक्रोशित लोगों के बीच करीब तीन घंटे तक वार्ता चली. वार्ता में एक लाख रुपये मुआवजा तथा इंश्योरेंस की राशि दिलाने पर सहमति बनने के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया और मार्ग पर आवागमन सामान्य कराया गया.
*भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग जरूरी- मनोज चौधरी*
सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने हादसे पर दुख जताते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि जब तक भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने के लिए नो-एंट्री और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक इस तरह की दुर्घटनाओं का खतरा बना रहेगा. उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए भारी वाहनों के परिचालन और सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस व्यवस्था करने की मांग की.
प्रमोद सिंह (संपादक)

