कांड्रा: गणेश पूजा को लेकर कांड्रा कॉलोनी में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. इस बार किशोर संघ कांड्रा कॉलोनी की ओर से काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. पंडाल के माध्यम से श्रद्धालुओं को कांड्रा में ही काशी विश्वनाथ धाम के स्वरूप की झलक देखने को मिलेगी.


पंडाल को आकर्षक बनाने के लिए कलात्मक सजावट के साथ रंग-बिरंगी लाइटिंग और विशेष विद्युत सज्जा की जा रही है. काशी विश्वनाथ मंदिर की वास्तुकला और धार्मिक स्वरूप को पंडाल में उकेरने का प्रयास किया जा रहा है. निर्माण कार्य अंतिम चरण की ओर बढ़ने के साथ ही पंडाल लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनने लगा है.
किशोर संघ के अध्यक्ष नीरज सिंह ने बताया कि इस वर्ष गणेश पूजा को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं. पूजा के दौरान आकर्षक विद्युत सज्जा से पूरा पंडाल परिसर जगमगाएगा. श्रद्धालुओं के लिए भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
आयोजकों को उम्मीद है कि काशी विश्वनाथ मंदिर की थीम पर तैयार हो रहा यह पंडाल गणेश पूजा के दौरान कांड्रा और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनेगा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

