सरायकेला: सरायकेला- राजनगर मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों और सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. सरायकेला- राजनगर बायपास मार्ग पर सभी प्रकार के मालवाहक भारी वाहनों के परिचालन पर अगले आदेश तक पूरी तरह रोक लगा दी गई है. यह व्यवस्था शनिवार, 12 सितंबर से प्रभावी कर दी गई है.


जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी, सरायकेला- खरसावां की ओर से जारी आदेश के अनुसार सरायकेला- राजनगर बायपास मार्ग पर वाया तितिरबिला, सिनी सिदमा और मागरकेला होते हुए राजनगर तक सड़क के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत का कार्य किया जाना है. इसे देखते हुए भारी वाहनों के परिचालन को प्रतिबंधित किया गया है.
*भारी वाहनों के लिए चाईबासा होकर वैकल्पिक मार्ग*
आदेश में भारी मालवाहक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया गया है. अब सरायकेला से राजनगर जाने वाले भारी वाहन सरायकेला से चाईबासा होते हुए राजनगर जाएंगे.
यह प्रतिबंध 12 सितंबर से अगले आदेश तक लागू रहेगा. प्रशासन के इस फैसले से एक तरफ सड़क के पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्य में सहूलियत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी तरफ भारी वाहनों के दबाव से होने वाले सड़क हादसों के खतरे को कम करने में भी मदद मिल सकती है.
गौरतलब है कि क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा भारी वाहनों के परिचालन और बदहाल सड़कों पर सवाल उठाए जा रहे हैं. ऐसे में प्रशासन का यह आदेश सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

