सरायकेला: तेज रफ्तार और लापरवाही आखिरकार एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गई. सरायकेला-जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर बड़ाकाड़ा मोड़ के आगे शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बेहद तेज गति और खतरनाक तरीके से बाइक चला रहा था. उसकी रफ्तार देखकर राहगीर भी हैरान थे. कुछ ही क्षण बाद बाइक अनियंत्रित होकर स्किड कर गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.


जानकारी के अनुसार, खरसावां थाना क्षेत्र के बेगनाडीह निवासी संजय नायक शुक्रवार शाम करीब 7.00 बजे अपनी बाइक से सरायकेला की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बड़ाकाड़ा मोड़ के आगे उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई. हादसा इतना भीषण था कि वह सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों के अनुसार, संजय नायक काफी तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे. कई बार बाइक असंतुलित होती दिखाई दी, लेकिन उन्होंने रफ्तार कम नहीं की. आखिरकार अनियंत्रित होकर बाइक स्किड कर गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है. दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को रेखांकित करता है. तेज रफ्तार, लापरवाही और खतरनाक राइडिंग न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है. यातायात नियमों का पालन और सुरक्षित गति से वाहन चलाना ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

