सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और संसाधनयुक्त बनाने की दिशा में पहल तेज हो गई है. इसी क्रम में नगर पंचायत कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मनोज कुमार चौधरी ने की.

बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 मार्च को अपराह्न 3 बजे नगर पंचायत अंतर्गत सभी 13 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ विशेष बैठक आयोजित की जाएगी. इसमें वार्ड पार्षद, नगर पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के साथ प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
बैठक में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी. इसमें शत- प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना, विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, 1 अप्रैल को शिक्षक- अभिभावक गोष्ठी के माध्यम से नए सत्र में नामांकन प्रक्रिया और शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने के उपाय शामिल हैं.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधार सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी विद्यालयों को संसाधनयुक्त बनाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा.
बैठक में उपाध्यक्ष अविनाश कवि, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपाट, नगर प्रबंधक सुमित सुमन और मध्यान्ह भोजन योजना कोषांग के राजाराम महतो समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. यह पहल नगर क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

