सरायकेला: जिला मुख्यालय से राजनगर जाने वाली जर्जर सड़क को लेकर उठी शिकायत के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है. गौरतलब है कि यह सड़क बने अभी दो साल भी पूरे नहीं हुए थे, लेकिन जगह- जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से आवागमन बाधित हो रहा था. हल्की बारिश में भी इस सड़क पर मोटरसाइकिल चलाना मुश्किल हो गया था, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था.

इस समस्या को लेकर भाजपा नेता सुमित चौधरी ने जिला प्रशासन से शिकायत की थी. उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति से उपायुक्त को अवगत कराते हुए जल्द सुधार की मांग की थी. साथ ही बुधवार को संपन्न हुए “दिशा” की बैठक में नगर पंचयात के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने भी कमेटी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया था. शिकायत के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सरायकेला- राजनगर सड़क के मरम्मत कार्य की शुरुआत कर दी है.
इस पर भाजपा नेता सुमित चौधरी ने जनहित के मुद्दे पर त्वरित संज्ञान लेने के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही सड़क पूरी तरह दुरुस्त कर दी जाएगी, जिससे लोगों को राहत मिलेगी.

